बक्सर । इटाढ़ी रेलवे गुमटी को जनहित में पुनः आवागमन के लिए खोले जाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमिटी, बक्सर के नेतृत्व में मंगलवार को बक्सर रेलवे परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने किया।
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने कहा कि बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के क्षतिग्रस्त होने के बाद इटाढ़ी प्रखंड समेत आसपास के दर्जनों गांवों की लाखों आबादी का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है। इसके कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों, व्यापारियों तथा नौकरीपेशा लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आरओबी के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य में अभी दो से तीन माह का समय लग सकता है। ऐसे में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को बंद रखना जनता की समस्याओं को और बढ़ा रहा है। कांग्रेस ने रेलवे प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल गुमटी खोलने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन प्रबंधक, बक्सर के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को तत्काल प्रभाव से आम लोगों के आवागमन के लिए खोलने तथा आरओबी के पूर्ण रूप से चालू होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में गुमटी से आवागमन की अनुमति देने की मांग की गई।
जिला कांग्रेस कमिटी, बक्सर ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाते हुए जनांदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडेय, उमाशंकर पांडेय, हरिशंकर त्रिवेदी, राजा रमण पांडेय, लालबाबू मिश्रा, बुचा उपाध्याय, निर्मला देवी, लक्ष्मण उपाध्याय, राजू रंजन वर्मा, साबिर हाशमी, गणेश पांडेय, शिवाकांत पांडेय, गुप्तेश्वर पांडेय, संजय पांडेय, प्रो. पी.के. मिश्रा सहित सैकड़ों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments