बक्सर । डुमरांव नगर की बेटी मधुबाला ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 15वीं रैंक प्राप्त कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी (बीडीओ) का पद हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भाजपा नेता सोनू राय ने इसे डुमरांव के लिए गौरव का क्षण बताते हुए मधुबाला और उनके परिवार को बधाई दी है।
राजगढ़ के पीछे महादेव दत्त की गली निवासी कमलेश कुमार और सुमन देवी की चार बेटियों में सबसे बड़ी मधुबाला ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उषारानी बालिका उच्च विद्यालय से प्राप्त की, जबकि स्नातक की पढ़ाई डुमरांव के डी.के. कॉलेज से पूरी की। सेल्फ स्टडी के दम पर उन्होंने पहले ही प्रयास में बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की।
मधुबाला ने बताया कि बेटियों को शिक्षित करना समाज की सबसे बड़ी जरूरत है। एक शिक्षित बेटी दो परिवारों का मान बढ़ाती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देते हुए कहा कि हर परिस्थिति में उन्होंने चारों बेटियों की पढ़ाई को प्राथमिकता दी और उनके सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रेरित किया।
मधुबाला का सपना आईएएस बनने का था। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की और वर्ष 2024 में मुख्य परीक्षा तक पहुंचीं, लेकिन साक्षात्कार में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने बिना समय गंवाए बीपीएससी की तैयारी शुरू की और पहली ही कोशिश में 15वीं रैंक हासिल कर ली।
शनिवार देर शाम परिणाम घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। शिक्षक अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि मधुबाला की सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा है। वहीं पड़ोसी शिक्षक लालजी सिंह ने कहा कि कमलेश कुमार की चारों बेटियां मेधावी हैं और शिक्षा के प्रति समर्पित हैं। मधुबाला की सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे डुमरांव का मान बढ़ाया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments