बक्सर । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को बक्सर के ऐतिहासिक गंगा तट पर जिला प्रशासन एवं नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग सत्र का संचालन द आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठ फैकल्टी एवं योग-अध्यात्म शिक्षिका वर्षा पांडेय ने किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी (डीएम), उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वर्षा पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से योग आज वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है। उन्होंने इस वर्ष की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन जीने का विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत और शारीरिक रूप से सक्रिय बनाए रखता है।
उन्होंने नमामि गंगे और योग के बीच संबंध को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस प्रकार नमामि गंगे अभियान गंगा की स्वच्छता और अविरलता के लिए कार्य कर रहा है, उसी प्रकार योग और प्राणायाम व्यक्ति के मन, विचार और अंतर्मन को शुद्ध एवं संतुलित बनाते हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक "योगः कर्मसु कौशलम्" का उल्लेख करते हुए कहा कि योग कार्यों में दक्षता और एकाग्रता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दायित्वों के बीच योग तनाव को कम करने और बेहतर निर्णय क्षमता विकसित करने में सहायक सिद्ध होता है।
योग शिविर के दौरान डीएम एवं अन्य अधिकारियों ने भी योगाभ्यास किया और ऐसे आयोजनों को स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता के लिए उपयोगी बताया। अधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए द आर्ट ऑफ लिविंग की फैकल्टी वर्षा पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया।
मां गंगा के तट पर शंखनाद, सामूहिक मंत्रोच्चार और योगाभ्यास के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments