बक्सर । डुमराँव सहित पूरे बक्सर जिले के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीएम बनने के बाद पहली बार बक्सर के प्रस्तावित दौरे पर आ रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी बीच डुमराँव के जदयू विधायक राहुल सिंह के प्रयास से वर्षों से लंबित महाराजा कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा के अनावरण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री शनिवार को प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण करेंगे, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
शुक्रवार को विधायक राहुल सिंह ने पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर जिले के कई विकास कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने वर्षों से अनावरण की प्रतीक्षा कर रही महाराजा कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विधायक के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने इसे अपने कार्यक्रम में शामिल कर लिया।
विधायक राहुल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री बक्सर जिला मुख्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रतिमा का अनावरण करेंगे। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल एवं अन्य ईंधनों के संभावित वैश्विक संकट को देखते हुए एनडीए सरकार ने एक ही स्थान से जिलेभर की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने का निर्णय लिया है।
विधायक के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने दौरे के दौरान बक्सर सेंट्रल जेल परिसर में लगभग 140 वर्षों से स्थित भगवान वामन अवतार मंदिर को जेल परिसर से मुक्त कराने एवं वामन कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा रामरेखा घाट पर लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन तथा रामेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना का भी प्रस्तावित कार्यक्रम है। साथ ही जिले की कई अन्य विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि डुमरांव के प्रथम लोकसभा सांसद एवं पूर्व महाराजा महाराजा कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का पांच वर्षों तक अनावरण नहीं होने का मामला विधानसभा तक पहुंच गया था। विधायक राहुल सिंह ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए कहा था कि प्रतिमा का अनावरण नहीं होना केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का अपमान है। इसके बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से प्रधान सचिव से दस दिनों के भीतर जवाब मांगा गया था।
महाराजा कमल बहादुर सिंह का 5 जनवरी 2020 को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। आजादी के बाद वर्ष 1952 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में वे मात्र 25 वर्ष की आयु में शाहाबाद नॉर्थ वेस्ट क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। वर्ष 1957 में बक्सर संसदीय क्षेत्र के गठन के बाद उन्होंने दूसरी बार लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने सक्रिय राजनीति से खुद को अलग कर लिया था।
पूर्व सांसद के निधन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार डुमरांव पहुंचे थे और लोगों की मांग पर उनकी प्रतिमा लगाने की सहमति दी थी। वर्ष 2020 में भवन निर्माण विभाग द्वारा 19 लाख 29 हजार 100 रुपये की लागत से अनुमंडल कार्यालय परिसर के सामने स्थित गार्डेन में प्रतिमा स्थापना एवं स्थल विकास का कार्य पूरा कर लिया गया था। बावजूद इसके प्रतिमा पांच वर्षों तक प्लास्टिक से ढकी रही और अनावरण की प्रतीक्षा करती रही।
अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा प्रतिमा अनावरण की घोषणा के बाद डुमरांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने विधायक राहुल सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments