बक्सर । जिले के मुरार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूटपाट के प्रयास मामले का पुलिस ने छह दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से एक देशी कट्टा एवं लूटा गया मोबाइल बरामद किया है।
शुक्रवार को मुरार थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि 16 मई को आमसारी गांव निवासी मुन्ना कानू के पुत्र गोलू कुमार से केसठ-डुमरांव राजवाहा मार्ग पर लूटपाट का प्रयास किया गया था। घटना नवनिर्मित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के समीप हुई थी, जहां बदमाशों ने कट्टा दिखाकर युवक को रोक लिया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की।
इसी बीच ग्रामीणों और डायल-112 पुलिस वाहन के पहुंच जाने से अपराधी मौके से फरार हो गए। भागने के दौरान एक बदमाश का मोबाइल घटनास्थल पर गिर गया, जिसने पुलिस जांच को अहम दिशा दी।
एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच एवं लगातार छापेमारी करते हुए वाहन जांच अभियान के दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदनपुर गांव निवासी सुमित कुमार एवं पिरो थाना क्षेत्र के सनेही टोला निवासी सुबोध कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुमित कुमार पर रोहतास एवं भोजपुर जिले में लूट के कई मामले दर्ज हैं, जबकि सुबोध कुमार पर पिरो थाना क्षेत्र में हत्या के दो मामले दर्ज बताए गए हैं।
प्रेस वार्ता में डुमरांव सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments