बक्सर । गर्मी की शुरुआत के साथ ही डुमराँव नगर में पेयजल संकट गहराने लगा है। नगर के टीचर ट्रेनिंग स्कूल परिसर स्थित बड़ी पानी टंकी का मोटर जल जाने से पूरे शहर की जलापूर्ति बाधित हो गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व वार्ड पार्षद एवं जदयू नेता धीरज कुमार ने इस समस्या को लेकर नगर परिषद का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने बताया कि पहले भी इस मुद्दे को उठाया गया था, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका, जिसका परिणाम अब शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह और शाम नलों में पानी नहीं आने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विशेषकर महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। बढ़ती गर्मी के बीच पानी की किल्लत से लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार, मोटर अचानक जल जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। नगर परिषद के प्रधान सहायक दुर्गेश सिंह ने बताया कि समस्या को गंभीरता से लिया गया है और जल्द समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर नया मोटर स्थापित कर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी नगर परिषद से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी जैसी बुनियादी जरूरत की अनदेखी नहीं की जा सकती। फिलहाल नगर परिषद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों से पानी आपूर्ति कराने पर विचार कर रही है, हालांकि जब तक मोटर पूरी तरह ठीक नहीं हो जाता, तब तक शहरवासियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments