बक्सर । चौसा नगर पंचायत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 79.44 करोड़ रुपये का बजट पारित कर दिया है। इस बजट में शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं और सामाजिक योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है। बजट बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने किया।
बजट में पिछले वित्तीय वर्षों 2024-25 और 2025-26 (दिसंबर तक) के आय-व्यय का विश्लेषण करते हुए आगामी वर्ष के संभावित संसाधनों का आकलन किया गया है। प्रारंभिक शेष राशि करीब 6.40 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जबकि आंतरिक राजस्व और केंद्र व राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान को मिलाकर कुल आय 81.14 करोड़ रुपये आंकी गई है।
नगर के विकास कार्यों को गति देने के लिए 49.39 करोड़ रुपये पूंजीगत मद में खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया है, जबकि 30.05 करोड़ रुपये स्थापना और अन्य राजस्व व्यय पर खर्च किए जाएंगे।
बजट में मार्केट कॉम्प्लेक्स, सामुदायिक भवन, सामुदायिक शौचालय, बस स्टैंड, रैन बसेरा, पुस्तकालय, सड़क एवं पुल निर्माण, वृद्धाश्रम, पिंक टॉयलेट और अशोक सम्राट भवन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शामिल किया गया है। इसके साथ ही छठ महापर्व और दीपावली जैसे प्रमुख पर्वों की व्यवस्था, शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को भी प्राथमिकता दी गई है।
नगर पंचायत के अनुसार बजट के अंत में लगभग 8.10 करोड़ रुपये शेष रहने का अनुमान है, जिससे भविष्य की विकास योजनाओं को भी मजबूती मिलेगी।
बैठक में सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों, उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षदों और नगर पंचायत के कर्मचारियों की उपस्थिति रही। बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसे नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments