Ad Code

बक्सर में सर्जरी से 40 सेंटीमीटर के ओवेरियन सिस्ट को हटाकर डॉ. रश्मि रानी ने गर्भवती महिला और नवजात की बचाई जान



बक्सर । शहर के ज्योति प्रकाश चौक स्थित रश्मि मैटरनिटी क्लीनिक की मुख्य चिकित्सक डॉ. रश्मि रानी ने एक बेहद जटिल और दुर्लभ सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु को नया जीवनदान दिया है। इस सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के परिजन और स्थानीय लोग डॉ. रश्मि रानी की सराहना करते नहीं थक रहे हैं।

जानकारी के अनुसार राजपुर प्रखंड के तियरा गांव निवासी 25 वर्षीय रूनी देवी गर्भावस्था के दौरान पेट में असामान्य सूजन और तेज दर्द की समस्या से परेशान थीं। परिजनों ने जिले के कई डॉक्टरों से परामर्श लिया, लेकिन मामला जटिल होने के कारण अधिकांश चिकित्सकों ने ऑपरेशन करने से मना करते हुए मरीज को हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी।




इसके बाद परिजन रूनी देवी को लेकर बक्सर के ज्योति प्रकाश चौक स्थित रश्मि मैटरनिटी क्लीनिक पहुंचे, जहां डॉ. रश्मि रानी ने मरीज की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अपनी मेडिकल टीम के साथ जांच की। जांच में पता चला कि महिला के अंडाशय में लगभग 40×30×25 सेंटीमीटर का विशाल ओवेरियन सिस्ट विकसित हो गया है, जो गर्भावस्था के दौरान बेहद दुर्लभ और खतरनाक स्थिति मानी जाती है।

करीब डेढ़ घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी में सबसे पहले सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से सुरक्षित तरीके से एक स्वस्थ बच्चे का जन्म कराया गया। इसके बाद अत्यंत सावधानी और तकनीकी दक्षता के साथ महिला के पेट से लगभग 40 सेंटीमीटर का विशाल ओवेरियन सिस्ट सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार गर्भावस्था के दौरान इतने बड़े आकार का ओवेरियन सिस्ट मिलना बेहद दुर्लभ होता है और इस तरह की सर्जरी तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण होती है। फिलहाल मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।






डॉ. रश्मि रानी ने बताया कि मरीज काफी जटिल स्थिति में क्लीनिक पहुंची थी। सिस्ट का आकार बहुत बड़ा था और गर्भावस्था के कारण जोखिम भी अधिक था, लेकिन पूरी टीम ने सावधानीपूर्वक समन्वय के साथ ऑपरेशन किया और परिणाम सुखद रहा।

सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के परिजनों ने भावुक होकर कहा कि कई जगहों से निराश होने के बाद यहां उम्मीद की किरण मिली। उन्होंने कहा, “डॉ. रश्मि रानी हमारे लिए भगवान से कम नहीं हैं। उन्होंने हमारी बेटी और उसके बच्चे दोनों की जान बचा ली।” इस सफल सर्जरी के बाद बक्सर शहर में डॉ. रश्मि रानी और उनकी टीम की चिकित्सा दक्षता और समर्पण की खूब चर्चा हो रही है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu