बक्सर । जिला के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कुरूथिया स्थित लालमुनि चौबे स्मृति न्यास परिसर में बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं बक्सर से लगातार चार बार सांसद रहे पंडित लालमुनि चौबे की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम न्यास के सभागार में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए न्यास के संस्थापक अध्यक्ष उदय उज्जैन ने कहा कि लालमुनि चौबे जैसे व्यक्तित्व लाखों में एक होते हैं। उन्होंने उन्हें माँ भारती का सच्चा सपूत बताते हुए कहा कि चौबे जी का जीवन संघर्ष, त्याग और सिद्धांतों का उदाहरण रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1974 के जेपी आंदोलन में लालमुनि चौबे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही थी और वे बिहार से इस्तीफा देने वाले पहले विधायक थे। साथ ही उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के नाम से “हिंदू” शब्द हटाने के प्रयास के विरुद्ध जोरदार आंदोलन चलाया, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को अपना निर्णय वापस लेना पड़ा। इस संघर्ष को उनकी दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया गया।
उदय उज्जैन ने कहा कि वर्तमान राजनीति में लालमुनि चौबे जैसे सिद्धांतनिष्ठ नेताओं की कमी साफ दिखाई देती है और आज की युवा पीढ़ी तथा राजनेताओं को उनके पांच दशक लंबे राजनीतिक जीवन से सीख लेने की आवश्यकता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा बगेन मंडल के वरीय उपाध्यक्ष धीरज कुमार पांडे, महामंत्री मंजी पासवान, विनय कुमार राय उर्फ गुड्डू राय, बीरेन्द्र पासवान, सत्येंद्र जी, अजय कुमार टुन्ना, रामजी कुमार, टनमन यादव, शिवजी कुमार, विशाल कुमार और रेयांश उज्जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लालमुनि चौबे के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments