Ad Code

डायट में जिला स्तरीय टीएलएम मेला संपन्न, नवाचारी शिक्षण सामग्री रही आकर्षण, शिक्षण को रोचक व प्रभावी बनाने की दिशा में सार्थक पहल



बक्सर । जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में मंगलवार को जिला स्तरीय टीचिंग लर्निंग मटेरियल (टीएलएम) मेला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चंदन द्विवेदी के नेतृत्व में किया गया। मेले का उद्देश्य शिक्षकों द्वारा निर्मित नवाचारी शिक्षण-सहायक सामग्रियों का प्रदर्शन कर शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक सरल, रोचक एवं प्रभावी बनाना रहा।

मेले में गणित, पर्यावरण अध्ययन, अंग्रेज़ी, हिंदी एवं उर्दू विषयों से संबंधित टीएलएम को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। जिले के सभी प्रखंडों से चयनित शिक्षक अपने-अपने प्रदर्श के साथ उपस्थित रहे। प्रदर्शित सामग्रियों को शिक्षकों व विद्यार्थियों ने सराहा।




इस अवसर पर डायट के प्राचार्य विवेक कुमार मौर्य ने कहा कि टीएलएम मेला शिक्षण को अनुभव-आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिक्षकों की सृजनात्मकता को मंच मिलता है और विद्यार्थी सक्रिय सहभागिता के साथ सीखते हैं।
डॉ. नवनीत कुमार सिंह ने कहा कि टीएलएम के माध्यम से अमूर्त अवधारणाओं को सरल और मूर्त रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है, जिससे छात्रों की समझ और रुचि बढ़ती है।

गुणवत्ता संभाग प्रभारी सुरेन्द्र प्रसाद ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप यह मेला कौशल एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण को बढ़ावा देता है। वहीं सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी उमेश झा ने स्थानीय संसाधनों से निर्मित टीएलएम को किफायती एवं पर्यावरण-अनुकूल बताते हुए इनके नियमित प्रयोग पर बल दिया।





प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षक गणित विषय में विमलेश कुमार गुप्ता,उर्दू में नफीश एवं मो. मुमताज अली,अंग्रेज़ी में शिखा एवं श्वेता पाण्डेय,हिंदी में प्रतिमा कुमारी एवं सुमिता पाण्डेय,
तथा पर्यावरण अध्ययन में कु. शिखा सिंह एवं ग्लोरी वर्मा के प्रदर्श को उत्कृष्ट घोषित किया गया।

कार्यक्रम में डायट के व्याख्याता अजीत कुमार, विनोद पाण्डेय, मृतुंजय राय, संदीप आर्य, महताब अली, अंकुर श्रीवास्तव, सुगंधा कुमारी, अजय कुमार सहित सभी शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नवाचारपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के संकल्प के साथ हुआ।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu