Ad Code

बक्सर को धार्मिक पर्यटन हब बनाने की मांग को लेकर भाजपा नेता विजय मिश्रा प्रयासरत, ‘भगवान वामन पंचकोशी कॉरिडोर’ निर्माण का प्रस्ताव



बक्सर । जिले को धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मिश्र ने बीते दिनों बिहार सरकार के पर्यटन सचिव डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे को पत्र लिखकर “भगवान वामन पंचकोशी कॉरिडोर” के निर्माण की मांग की है।

उन्होंने पत्र में कहा है कि पौराणिक गौरव से समृद्ध बक्सर आज भी पर्यटन विकास से अपेक्षित पहचान नहीं पा सका है, जबकि इसकी धार्मिक महत्ता वाराणसी और अयोध्या से किसी मायने में कम नहीं है।

पौराणिक महत्व का उल्लेख:

विजय कुमार मिश्र ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बक्सर त्रेता युग से जुड़ी पावन भूमि है। मान्यता है कि भगवान वामन का अवतार यहीं हुआ था तथा प्रभु श्रीराम ने महर्षि विश्वामित्र की तपोस्थली में शिक्षा ग्रहण की थी। पंचकोशी परिक्रमा की परंपरा का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि शिक्षा पूर्ण होने के बाद प्रभु श्रीराम ने पाँच ऋषियों के आश्रमों में एक-एक रात विश्राम कर आशीर्वाद लिया था।
इसी परंपरा के तहत आज भी विशाल पंचकोशी मेला आयोजित होता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। बताया जाता है कि एक दिन में लगभग पाँच लाख लोग लिट्टी-चोखा बनाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं।



ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत:

पत्र में कहा गया है कि बक्सर गंगा तट पर स्थित है, जहाँ गंगा उत्तरायणी बहती हैं। सतयुग में इसे सिद्धाश्रम, त्रेता में वामनाश्रम, द्वापर में वेदगर्भापुरी और कलयुग में व्याघ्रसर (बक्सर) के नाम से जाना गया। च्यवन ऋषि की जन्मस्थली होने का उल्लेख करते हुए इसे तप और तीर्थ की भूमि बताया गया है।

कॉरिडोर निर्माण की मांग: 

विजय मिश्र ने मांग की है कि पंचकोशी परिक्रमा स्थलों और भगवान वामन मंदिर को पर्यटन विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल कर कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाए। उनका कहना है कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर अवगत कराने का अनुरोध किया है।

केंद्रीय स्तर पर भी पहल:

गौरतलब है कि पिछले वर्ष आईटीआई मैदान में आयोजित आचार्य देवकीनंदन ठाकुर की भागवत कथा के दौरान बक्सर को तीर्थ क्षेत्र के रूप में विकसित करने की मांग प्रमुखता से उठी थी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर, सांसद मनोज तिवारी, भाजपा नेता नीरज सिंह तथा पूर्व सांसद अश्विनी कुमार चौबे सहित कई राजनीतिक हस्तियां मौजूद थीं।






इसी क्रम में विजय कुमार मिश्र ने केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर को पत्र भेजकर पंचकोशी को स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत पर्यटन सर्किट में शामिल करने की मांग की थी। 12 नवम्बर 2025 को शांतनु ठाकुर ने पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को डी.ओ. पत्र लिखकर इस विषय पर कार्रवाई का अनुरोध किया।

इसके जवाब में 1 दिसम्बर 2025 को गजेंद्र सिंह शेखावत ने पत्र प्राप्ति की पुष्टि करते हुए मामले को मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित कर दिया। बाद में 20 जनवरी 2026 को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने भी पर्यटन मंत्री को पत्र भेजकर पंचकोशी परिक्रमा स्थलों और भगवान वामन मंदिर को प्रसाद योजना में शामिल कर ‘भगवान वामन पंचकोशी कॉरिडोर’ के रूप में विकसित करने का आग्रह किया।

विजय कुमार मिश्र ने दावा किया है कि उनकी पहल पर स्वदेश दर्शन योजना के तहत बक्सर को शामिल करने और पंचकोशी सर्किट के रूप में विकसित करने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu