बक्सर । जिले के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मपुर में कांग्रेस पार्टी के बहुचर्चित ‘संगठन सृजन अभियान’ का विधिवत शुभारंभ बाबा परमेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य राजेश राठौर की उपस्थिति तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. चंद्रशेखर पाठक की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
बैठक में जिले भर से आए कांग्रेस पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। अभियान का उद्देश्य संगठन को पुनः सक्रिय, सशक्त और जनआधारित बनाना बताया गया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर :
राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राजेश राठौर ने कहा कि ‘संगठन सृजन अभियान’ पूरे देश में चलाया जा रहा है, जिसका आह्वान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने किया है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि विचारधारा आधारित और प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं की नई पीढ़ी तैयार करना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पुराने कांग्रेसजनों को पुनः सक्रिय करें तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और समाज के हर वर्ग तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं।
प्रदेश नेतृत्व का संदेश :
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त वरिष्ठ पर्यवेक्षक मृणाल अनामय ने कहा कि यह अभियान आगामी चुनावों के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मजबूत संगठन को चुनावी सफलता की आधारशिला बताते हुए उन्होंने बूथ स्तर तक समर्पित टीम तैयार करने पर बल दिया।
जिला कांग्रेस का संकल्प :
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि बक्सर जिला कांग्रेस इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इसके तहत बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को पुनः सक्रिय करना, युवा कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस की भागीदारी बढ़ाना तथा पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें :
ब्रह्मपुर के बाद डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के खिरौली में भी संगठन सृजन की बैठक आयोजित की गई, जहां राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राजेश धोंडीराम राठौर ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया। इसके पश्चात राजपुर विधानसभा क्षेत्र में भी बैठक कर नए एवं पुराने कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाया गया।
बड़ी संख्या में सहभागिता :
कार्यक्रम में ब्रह्मपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजीव रंजन वर्मा, लालबाबू मिश्रा सहित कई वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष संजय कुमार पांडे, वीरेंद्र राम, संजय कुमार दुबे, हीरामन पासवान, सुदर्शन यादव, अजय यादव, उत्पल यादव, डॉ. सुनील समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और बूथ स्तर पर व्यापक संगठनात्मक बैठकें आयोजित कर सदस्यता अभियान को गति दी जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments