Ad Code

बैंक से रुपये निकाल लौट रहे दो भाइयों से तीन लाख की चोरी, शीशा काट उचक्के फरार


बक्सर । जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण सोमवार को देखने को मिला। बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे दो भाइयों को रास्ते में ही उचक्कों ने निशाना बना लिया। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा गोला मोड़ के समीप हुई, जहां अपराधियों ने कार का शीशा काटकर सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग पार कर दिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष राजेश राय अपने भाई सुनील राय के साथ स्टेट बैंक चौसा से दोपहर के समय तीन लाख रुपये निकालकर गांव लौट रहे थे। करीब दो बजे दोनों भाई चौसा गोला मोड़ के पास पहुंचे और गाड़ी खड़ी कर चाय-पान करने लगे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी, जो कथित रूप से बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे, मौके का फायदा उठाते हुए कार के पास पहुंचे। तेज धारदार औजार से गाड़ी का शीशा काटकर सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग निकाल लिया और फरार हो गए।

जब दोनों भाई वापस गाड़ी के पास पहुंचे तो शीशा टूटा देख उनके होश उड़ गए। उन्हें समझते देर नहीं लगी कि वे चोरी का शिकार हो चुके हैं। घटना की सूचना तुरंत मुफस्सिल थाने को दी गई। चूंकि चौसा गोला बाजार इसी थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।







पुलिस आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवक गाड़ी के आसपास मंडराते दिखाई दिए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार शीशा काटने के लिए विशेष औजार का इस्तेमाल किया गया, जिससे बिना शोर-शराबे के वारदात को अंजाम दिया गया। अपराधियों ने पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगने दी।

बताया जाता है कि दोनों भाइयों ने बैंक से कुल पांच लाख रुपये निकालने की योजना बनाई थी, लेकिन उस समय 100-100 रुपये के नोटों की गड्डियां ही उपलब्ध थीं। अधिक मात्रा होने के कारण वे केवल तीन लाख रुपये ही ले सके। इस प्रकार दो लाख रुपये की राशि घटना से बच गई।

फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है तथा आमजन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu