Ad Code

गोलंबर पर बढ़ते जाम के खिलाफ नागरिकों का धरना, फ्लाईओवर निर्माण की मांग


बक्सर । नगर के प्रमुख गोलंबर पर लगातार बढ़ती जाम की समस्या को लेकर मंगलवार को आम नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। गोलंबर दक्षिणी हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद सिंह के नेतृत्व में लोगों ने जिला प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग करते हुए फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना दिया।




धरना नगर के गोलंबर स्थित पार्क में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि फोरलेन सड़क शुरू होने के बाद से गोलंबर पर जाम की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। सुबह से देर शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

धरना में शामिल लोगों ने बताया कि महाजाम के कारण स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं प्रतिदिन देर से पहुंच रहे हैं। एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाएं बाधित हो रही हैं। व्यापार और दैनिक रोजगार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। पर्व-त्योहार और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।







प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि गोलंबर पर फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। धरना में ईश्वर दयाल, संजय सिंह, राजेंद्र पांडे, अखिलेश सिंह, विकास मिश्रा, धनजी सिंह, शैलेश ठाकुर, राजाराम सिंह (पूर्व सैनिक), विनोद सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

धरना स्थल पर पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनका ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि नागरिकों की मांग को जिलाधिकारी तक पहुंचाया जाएगा तथा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना शांतिपूर्वक समाप्त हो गया, हालांकि नागरिकों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu