Ad Code

परमहंस पब्लिक स्कूल में बाल मेले का आयोजन, उत्साह और रचनात्मकता से सराबोर रहा परिसर


बक्सर । इटाढ़ी के पकड़ी मोड़ स्थित परमहंस पब्लिक स्कूल में बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के उत्साह, रचनात्मकता और व्यावसायिक समझ का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे स्टॉलों, खिलखिलाते चेहरों और स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू से दिनभर गुलजार रहा।

बाल मेले में बच्चों ने स्वयं द्वारा तैयार किए गए खाने-पीने के स्टॉल लगाए। चाउमीन, बर्गर, मंचूरियन, समोसा, चिप्स, बिस्कुट और चॉकलेट जैसे व्यंजनों ने आगंतुकों को खूब आकर्षित किया। खास तौर पर चाउमीन का स्टॉल सबसे अधिक लोकप्रिय रहा। बच्चों ने न केवल ग्राहकों को आकर्षित किया, बल्कि पैसे लेने और हिसाब-किताब संभालने की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई, जिससे उनकी व्यावसायिक समझ और आत्मविश्वास स्पष्ट झलक रहा था।



इस अवसर पर जिला पदाधिकारी के संरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के भौतिक और नैतिक विकास में सहायक होते हैं। बच्चों को केवल किताबों का ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र से जुड़ा अनुभव देना आवश्यक है, ताकि वे सर्वांगीण रूप से विकसित हो सकें।

विद्यालय के निदेशक बजरंगी मिश्रा ने कहा कि बाल मेला बच्चों को पुस्तकों से बाहर की दुनिया से परिचित कराने का सशक्त माध्यम है। वहीं विद्यालय की प्रिंसिपल नम्रता मिश्रा ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता, टीमवर्क और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।

मनोरंजन के लिए मिकी माउस स्लाइडिंग, जंपिंग यार्ड, प्लेन स्लाइडर और झूले लगाए गए थे। इसके अलावा खिलौनों, गुब्बारों और बांसुरियों की दुकानों पर बच्चों की भारी भीड़ देखी गई। मेले की रौनक देर शाम तक बनी रही।






बाल मेले में जूही कुमारी, शालू चौबे, आयुषी कुमारी, दिव्या कुमारी, शुभम कुमार, शशि कुमार, चितरंजन कुमार सहित अनेक बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बृजेश पाठक, कुकुढा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विनोद चौबे, बड़कागांव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना चौबे, सुदर्शन यादव, इटाढ़ी प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष कमल पाठक, वार्ड सदस्य गुड्डू चौबे, धर्मेंद्र यादव, आनंद सिंह, चिंटू तिवारी, सर्वेश राय, दुर्गेश राय, गुप्तेश्वर चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कुल मिलाकर परमहंस पब्लिक स्कूल का यह बाल मेला बच्चों के लिए सीख, आनंद और संस्कार से भरपूर ऐसा अनुभव बन गया, जिसे वे लंबे समय तक याद रखेंगे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu