बक्सर । आगामी होली पर्व के मद्देनजर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर के कार्यालय कक्ष में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष, सभी अंचल अधिकारी, बक्सर अनुमंडल के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में होली के अवसर पर बक्सर अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर प्रशासनिक तैयारियों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों की ओर से किए जाने वाले सहयोगात्मक प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली के दौरान अनुमंडल क्षेत्र में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और सभी थानाध्यक्ष इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
साथ ही होली के दिन अनुमंडल क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
शांति समिति के सदस्यों के आग्रह पर अनुमंडल पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि बक्सर के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर विशेष निगरानी और चौकसी बरती जाएगी। गंगा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के लाने-ले जाने पर सख्ती से रोक रहेगी और पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में इस बात पर भी विशेष बल दिया गया कि इस वर्ष रमजान माह के दौरान ही होली पर्व पड़ रहा है, ऐसे में किसी भी संभावित सामाजिक तनाव को उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की है।
इसके अतिरिक्त बाजारों में केमिकल युक्त रंगों एवं डुप्लीकेट सामान की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। दुकानों में बेचे जा रहे खाद्य सामग्रियों की भी जांच की जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध सामग्री उपलब्ध हो सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments