Ad Code

भाजपा नेता विजय मिश्रा के प्रयासों से स्वदेश दर्शन 2.0 में बक्सर पंचकोशी को शामिल करने की पहल तेज, राज्यसभा में सांसद मनन मिश्र ने बक्सर धाम के लिए उठाई आवाज, पर्यटन मंत्रालय में बढ़ी हलचल



बक्सर । जिले के ऐतिहासिक तीर्थ एवं पंचकोशी क्षेत्र को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की मुहिम अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मिश्र के लगातार प्रयासों के बाद पंचकोशी क्षेत्र को स्वदेश दर्शन योजना 2.0 में शामिल करने को लेकर केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के बीच औपचारिक पत्राचार शुरू हो चुका है।

हाल ही में राज्यसभा सांसद मनन मिश्र ने संसद में बक्सर के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया, जिस पर विजय मिश्र ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के लिए सकारात्मक संकेत बताया।




भागवत कथा में उठी थी तीर्थ क्षेत्र के विकास की मांग: 

गौरतलब है कि पिछले वर्ष आईटीआई मैदान में आयोजित आचार्य देवकीनंदन ठाकुर की भागवत कथा के दौरान बक्सर को राष्ट्रीय स्तर के तीर्थ क्षेत्र के रूप में विकसित करने की मांग जोर-शोर से उठी थी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर, केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री सतीश चंद्र दूबे, सांसद मनोज तिवारी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र भाजपा नेता नीरज सिंह तथा पूर्व सांसद अश्विनी कुमार चौबे सहित कई राजनीतिक हस्तियां उपस्थित थीं। सभी नेताओं ने बक्सर के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए इसके समग्र विकास का आश्वासन दिया था।

स्वदेश दर्शन सर्किट में शामिल करने की मांग : 

इसी क्रम में विजय कुमार मिश्र ने केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर को पत्र भेजकर पंचकोशी क्षेत्र को स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत पर्यटन सर्किट में शामिल करने की मांग की। 12 नवम्बर 2025 को शांतनु ठाकुर ने पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर इस विषय पर उचित कार्रवाई का अनुरोध किया।

इसके जवाब में 1 दिसम्बर 2025 को गजेंद्र सिंह शेखावत ने पत्र प्राप्ति की पुष्टि करते हुए मामले को मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित कर दिया।







‘भगवान वामन पंचकोशी कॉरिडोर’ का प्रस्ताव :

20 जनवरी 2026 को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने भी विजय कुमार मिश्र के आवेदन के आधार पर पर्यटन मंत्री को पत्र भेजा। पत्र में पंचकोशी परिक्रमा स्थलों एवं भगवान वामन मंदिर को प्रसाद योजना में शामिल कर ‘भगवान वामन पंचकोशी कॉरिडोर’ के रूप में विकसित करने का आग्रह किया गया है।

संसद में आवाज से बढ़ी उम्मीद :

विजय कुमार मिश्र ने कहा कि उनकी मांग पर केंद्र स्तर पर सकारात्मक पहल हुई है। अब जब राज्यसभा सांसद मनन मिश्र ने भी संसद में यह मुद्दा उठाया है, तो बक्सर के सर्वांगीण विकास की उम्मीद और प्रबल हो गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि पंचकोशी क्षेत्र को स्वदेश दर्शन एवं प्रसाद योजना के अंतर्गत शामिल किया जाता है, तो इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास को भी नई गति मिलेगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu