बक्सर । 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बक्सर स्थित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट परिसर में देशभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत वातावरण में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह द्वारा विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके पश्चात आरपीएफ के जवानों ने पूरे अनुशासन और गर्व के साथ तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान परिसर देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर उपस्थित जवानों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन सिंह ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, वह हमारे शहीदों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने जवानों से संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यबोध के साथ राष्ट्रसेवा करने का आह्वान किया। साथ ही रेलवे परिसरों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह में आरपीएफ के उप निरीक्षक एवं राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित दिनेश चौधरी, जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार, आरपीएफ के उप निरीक्षक बिजेंद्र कुमार, स्टेशन मास्टर, टीटीई दिलीप कुमार सहित रेलवे के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए सतत प्रयासरत रहने का संकल्प लिया। समारोह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments