बक्सर । ऐतिहासिक किला मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। झंडोत्तोलन के साथ ही पूरा किला मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया और “जय हिंद” व “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा।
झंडोत्तोलन से पूर्व प्रभारी मंत्री ने पुलिस, एनसीसी, स्काउट-गाइड एवं गृह रक्षकों की टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इसके बाद सुसज्जित परेड दलों ने अनुशासन और शौर्य का परिचय देते हुए आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ खूब सराहा।
समारोह में जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, सदर विधायक आनंद मिश्रा, राजपुर विधायक संतोष निराला, डुमरांव विधायक राहुल सिंह सहित जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिले के विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने कहा कि बक्सर जिला विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं और आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने संविधान की मूल भावना को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।
समारोह की विशेष आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई झांकियां रहीं, जिनमें जिले की विकास यात्रा और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। स्वास्थ्य विभाग की झांकी में जनस्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई, जबकि मद्य निषेध विभाग की झांकी के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। आयुष्मान भारत योजना की झांकी में गरीबों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को दर्शाया गया, वहीं नगर परिषद की स्वच्छता झांकी ने “स्वच्छ बक्सर, सुंदर बक्सर” का संकल्प दोहराया। समारोह का समापन देशभक्ति कार्यक्रमों और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह के हृदय में राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा का संचार किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments