Ad Code

NH-922 पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर युवा भाजपा नेता दीपक यादव ने सौंपा मांग पत्र


बक्सर । पटना–बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-922) के प्रताप सागर–चिलहरी मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सह-संयोजक एवं युवा भाजपा नेता दीपक यादव ने डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपा। हाल ही में इसी मार्ग पर हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चौगाई निवासी एक निर्दोष व्यक्ति की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। अज्ञात वाहन द्वारा कुचलकर फरार हो जाना इस मार्ग पर बेलगाम रफ्तार और अव्यवस्था की गंभीर तस्वीर पेश करता है।



दीपक यादव ने कहा कि यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि लगभग 50 गांवों को फोर लेन से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क पथ है। इसी मार्ग पर जिले का सुप्रसिद्ध टीबी अस्पताल–मेथोडिस्ट अस्पताल स्थित है, जहां बिहार सहित अन्य राज्यों से भी मरीज इलाज के लिए आते हैं। प्रतिदिन इस मार्ग से ग्रामीण, छात्र, मजदूर, व्यापारी, मरीज, एंबुलेंस सहित हजारों लोगों का आवागमन होता है, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था नदारद है, जो अत्यंत चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि फोर लेन बनने के बाद वाहनों की रफ्तार कई गुना बढ़ गई है, लेकिन सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए। न तो स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं, न चेतावनी बोर्ड, न स्ट्रीट लाइट और न ही सुरक्षित पैदल पार-पथ की व्यवस्था है। परिणामस्वरूप यह मार्ग अब “मौत का रास्ता” बनता जा रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाएं प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल खड़े करती हैं।



डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सौंपे गए मांग पत्र में दीपक यादव ने तत्काल स्पीड ब्रेकर निर्माण, बड़े व स्पष्ट चेतावनी बोर्ड व रिफ्लेक्टिव साइनेंज, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती, तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई तथा मेथोडिस्ट अस्पताल और गांवों को जोड़ने वाले बिंदुओं पर सुरक्षित पैदल पार-पथ की व्यवस्था की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यह मांग पत्र किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन हजारों ग्रामीणों और आम नागरिकों की आवाज है, जो प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते समय अपनी जान जोखिम में डालते हैं। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में होने वाली प्रत्येक दुर्घटना की नैतिक जिम्मेदारी संबंधित विभागों और प्रशासन की होगी। विकास तभी सार्थक है जब वह मानव जीवन को सुरक्षित बनाए—जनता अब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu