बक्सर । शनिवार को चाणक्य एकेडमी महिला कॉलेज, सरेंजा परिसर में नशा मुक्ति थीम पर एक व्यापक क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं के बीच नशा विरोधी जागरूकता को मजबूत करना तथा उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में कुल 283 छात्राओं ने लिखित परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा में नशे के दुष्प्रभाव, इसके सामाजिक एवं पारिवारिक प्रभाव, कानूनी प्रावधानों तथा नशा मुक्ति से संबंधित सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्न पूछे गए। मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शीर्ष 30 छात्राओं का चयन किया गया, जिन्हें छह समूहों में विभाजित कर मौखिक प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित किया गया। इस चरण में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और विषय की गहन समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कड़े एवं निष्पक्ष मूल्यांकन के पश्चात अमन राय को प्रथम, आनंद राय को द्वितीय तथा श्रेयांशु राय को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, जबकि शीर्ष 30 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
यह कार्यक्रम चाणक्य फाउंडेशन, सरेंजा के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें कॉलेज प्रशासन, शिक्षकों एवं आयोजन टीम की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित छात्राओं को नशा से दूर रहने, समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने तथा स्वयं को स्वस्थ और सशक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। यह आयोजन न केवल एक प्रतियोगिता रहा, बल्कि नशा-मुक्त समाज की दिशा में एक प्रभावी और सार्थक पहल के रूप में सफल सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चाणक्य फाउंडेशन के निदेशक राम नारायण, पवन कुमार राय, गोविंद मिश्रा, समर्पण शर्मा, सतीश उपाध्याय, विश्वजीत दुबे, राहुल श्रीवास्तव, रोहित चौधरी, अभिषेक कुमार ओझा, नीतू श्रीवास्तव, अदिति साहनी सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments