Ad Code

बाल मेले में उमड़ा उत्साह, बच्चों ने स्वाद और समझ से जीता दिल एस.एस. कॉन्वेंट स्कूल में संस्कार, रचनात्मकता और व्यापारिक कौशल का अनूठा संगम



बक्सर । सदर प्रखंड के कमरपुर पंचायत अंतर्गत कृतपुरा गांव स्थित एस.एस. कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित बाल मेला बच्चों के लिए सीख और मनोरंजन का यादगार मंच बन गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे स्टॉलों, खिलखिलाते चेहरों और खुशबूदार व्यंजनों से गुलजार रहा। मेले का उद्घाटन विद्यालय की निर्देशिका वंदना राय के सास-ससुर, बनारसी देवी एवं विजय कुमार राय ने किया, जिससे कार्यक्रम को पारिवारिक और संस्कारपूर्ण स्वरूप मिला।


फीता कटते ही वातावरण भावुक हो उठा। माता-पिता की महत्ता को दर्शाते गीतों की गूंज ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ संस्कार भी उतने ही जरूरी हैं। विद्यालय प्रबंधन की यह पहल अभिभावकों के बीच विशेष चर्चा का विषय बनी।


बाल मेले में बच्चों ने खुद से तैयार किए गए खाने-पीने के स्टॉल लगाए। पानीपुरी, चाउमीन, बर्गर, मंचूरियन, समोसा, जलेबी, गाजर का हलवा, चिप्स, बिस्कुट और चॉकलेट जैसे व्यंजनों ने सभी को आकर्षित किया। खास बात यह रही कि चाउमीन का स्टॉल सबसे ज्यादा लोकप्रिय रहा। बच्चे खुद ग्राहक बुलाते, पैसे लेते और हिसाब-किताब संभालते नजर आए, जिससे उनकी व्यावसायिक समझ और आत्मविश्वास झलक रहा था।

विद्यालय की निर्देशिका वंदना राय ने कहा कि बाल मेला बच्चों को किताबों से बाहर की दुनिया समझाने का एक सशक्त माध्यम है। वहीं प्रधानाध्यापक त्रिलोचन कुमार ने बताया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की रचनात्मकता, टीमवर्क और निर्णय क्षमता विकसित होती है।






मनोरंजन के लिए मिकी माउस स्लाइडिंग, जंपिंग यार्ड, प्लेन स्लाइडर और झूले लगाए गए थे। खिलौनों, गुब्बारों और बांसुरियों की दुकानों पर बच्चों की भारी भीड़ रही। मेले की चहल-पहल देर तक बनी रही।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहीं उप निर्देशिका जिज्ञासा कुमारी ने बताया कि अभिभावकों की अपेक्षा से कहीं अधिक सहभागिता देखने को मिली। उन्होंने इसे विद्यालय परिवार और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया।

बाल मेले में खुशी कुमारी, मानवी राय, साक्षी कुमारी, मोनालिका, अनुराधा, लक्ष्मी, प्रतिज्ञा, सपना, अदिति सिंह, कुमार प्रगति, अनमोल कुमार, पियूष पाठक सहित कई बच्चों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में लालसा मिश्रा, नूतन राय, नीलम कुमारी, प्रीति कुमारी, प्रिया कुमारी, मधु कुमारी, मिस तनु, प्रमोद कुमार, नितीश कुमार, बैजनाथ पांडेय, अनुज कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कुल मिलाकर, एस.एस. कॉन्वेंट स्कूल का बाल मेला बच्चों के लिए सीख, आनंद और संस्कार का ऐसा अनुभव बन गया, जिसे वे लंबे समय तक याद रखेंगे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu