बक्सर । सोशल मीडिया पर बक्सर पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भड़काऊ पोस्ट कर जान से मारने की धमकी देने वाले ट्रक चालक को बक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक ट्रक चालक पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाकर खुलेआम धमकी देता दिखाई दे रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बक्सर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा वायरल वीडियो से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट का सत्यापन किया गया, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि उक्त अकाउंट गोविन्द यादव का है, जो उत्तर प्रदेश के मऊ जिले का स्थायी निवासी है। तकनीकी अनुसंधान में यह भी सामने आया कि आरोपी ट्रक चालक नियमित रूप से बक्सर के रास्ते अपने वाहन के साथ गुजरता है।
इसके बाद 03 जनवरी 2026 को बक्सर गोलम्बर के समीप से आरोपी को ट्रक सहित गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान चालक आरा की ओर से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किए जाने पर उसने ट्रक की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की तथा पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का भी प्रयास किया। हालांकि, पुलिस बल की तत्परता से काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पूर्व उसके वाहन का चालान काटे जाने से वह आक्रोशित था। इसी आक्रोश में उसने धमकी भरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। आरोपी ने यह भी बताया कि उसकी मंशा किसी दिन किसी पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार में कुचलकर भाग जाने की थी।
घटना के संबंध में नगर थाना कांड संख्या 07/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
गोविन्द यादव, पिता- अवधेश यादव, निवासी- पहाड़पुर वनदेवी, थाना- सराय लखनसी, जिला- मऊ (उत्तर प्रदेश)।
गिरफ्तारी दल में शामिल:
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर श्री गौरव पाण्डेय, पु०अ०नि० चंदन कुमार-01 (डीआईयू बक्सर) एवं टीम, पु०अ०नि० राजीव रंजन (नगर थाना), पु०अ०नि० रोहित कुमार (गोलम्बर प्रभारी) तथा नगर थाना का सशस्त्र बल।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments