बक्सर । बक्सर रेलवे स्टेशन के पाण्डेय पट्टी गुमटी पर लंबे समय से प्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को आखिरकार स्वीकृति मिल गई है। इस निर्णय से बक्सर की जनता में खुशी की लहर है और इसे जिले के लिए एक बड़ी राहत एवं ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। सांसद ने इस समस्या को लेकर माननीय रेल मंत्री से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की थी, साथ ही लोकसभा में प्रश्न उठाकर पाण्डेय पट्टी गुमटी पर हो रही परेशानियों को राष्ट्रीय पटल पर मजबूती से रखा।
उल्लेखनीय है कि पाण्डेय पट्टी गुमटी पर समपार फाटक के कारण प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती थी। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती थीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती थी।
रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। इससे बक्सर के समग्र विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस उपलब्धि पर सांसद सुधाकर सिंह ने बक्सर की जनता को बधाई देते हुए कहा कि “बक्सर की हर बुनियादी समस्या के समाधान के लिए हमारा संघर्ष लगातार जारी रहेगा। जनता की आवाज को संसद से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती से उठाया जाता रहेगा।”
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments