बक्सर । बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बक्सर के तत्वावधान में 7 जनवरी 2026 को एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट सह अप्रेंटिसशिप चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनी टाटा मोटर्स लिमिटेड, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) भाग लेगी।
आईटीआई प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह चयन शिविर पूर्णतः निःशुल्क होगा। आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए यह रोजगार एवं प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर बताया जा रहा है। चयन प्रक्रिया राजकीय आईटीआई बक्सर परिसर में आयोजित की जाएगी।
कंपनी द्वारा दो श्रेणियों में कुल 600 पदों पर चयन किया जाना है। पहली श्रेणी में Temporary Workmen पद के लिए 300 रिक्तियां हैं, जिसमें आयु सीमा 18 से 32 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता आईटीआई पास (2018 से 2025 बैच) रखी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ प्लांट में कार्य का अवसर मिलेगा तथा वेतनमान ₹14,863 (इन हैंड) होगा।
दूसरी श्रेणी में Trainee Apprentice पद के लिए 300 रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 25 वर्ष है। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 10वीं पास (60 प्रतिशत अंक अनिवार्य) एवं आईटीआई पास (2018 से 2025 बैच) रखी गई है। इस पद के लिए वेतनमान ₹13,480 (इन हैंड) निर्धारित है। चयनित प्रशिक्षुओं को भी टाटा मोटर्स, लखनऊ प्लांट में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर के प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 7 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे तक आईटीआई बक्सर परिसर में उपस्थित होकर इस कैंपस प्लेसमेंट में भाग लें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपने साथ सभी आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बायोडाटा तथा पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लाएं।
आईटीआई प्रबंधन के अनुसार इस प्रकार के कैंपस प्लेसमेंट से स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास का बेहतर अवसर मिल रहा है, जिससे भविष्य में उनके करियर को नई दिशा मिलेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments