Ad Code

पूर्व कर्मचारी निकला 40 लाख की चोरी का मास्टर प्लानर, चोरी की रकम से खरीदी गई स्कॉर्पियो समेत नकदी बरामद


बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के पीपरपांती रोड स्थित पुरानी कचहरी के सामने एक होलसेल रेडीमेड कपड़ा दुकान से कई महीनों तक योजनाबद्ध तरीके से करीब 35 से 40 लाख रुपये की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि दुकान के ही एक पूर्व कर्मचारी ने शटर की गुम हुई चाबी का इस्तेमाल कर इस वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित व्यवसायी अरविन्द कुमार जायसवाल, पिता लक्ष्मण प्रसाद जायसवाल, नालबंद टोली वार्ड संख्या 17, थाना नगर बक्सर के निवासी हैं। वह रेडीमेड कपड़ों के थोक व्यापारी हैं। उनकी तीन मंजिला दुकान पीपरपांती रोड पुरानी कचहरी के सामने वाली गली में स्थित है, जिसका संचालन उनके छोटे भाई बंटी जायसवाल और पुत्र अभिषेक जायसवाल करते हैं। प्रत्येक तिमाही और सीजन समाप्त होने पर दुकान का लेखा-जोखा किया जाता है।




21 जनवरी 2026 को जाड़े के सीजन की बिक्री का हिसाब करने के दौरान दुकान के गल्ले में रखे 2 लाख 77 हजार रुपये में से लगभग एक लाख रुपये गायब पाए गए। इसके बाद पूरे सीजन का विस्तृत ऑडिट किया गया, जिसमें 35 से 40 लाख रुपये की भारी कमी सामने आई। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि दुकान के किसी ताले या शटर में तोड़फोड़ नहीं हुई थी, जिससे चोरी के पूरी तरह योजनाबद्ध होने की पुष्टि हुई।

पीड़ित के अनुसार, दुकान में प्रवेश के लिए चार दरवाजे हैं। इनमें से एक शटर की चाबी दीपावली पूजा के दौरान गायब हो गई थी। उसी चाबी के जरिए बीते कई महीनों से रात के समय दुकान में प्रवेश कर नियमित रूप से नकदी निकाली जाती रही। पड़ोसी आभूषण दुकान कल्याण ज्वेलर्स के सीसीटीवी फुटेज में 16 जनवरी और 21 जनवरी 2026 की रात करीब 3:40 बजे एक व्यक्ति को दुकान में घुसते और सुबह करीब 4:28 बजे निकलते हुए देखा गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका के कारण रात में दुकान की बिजली बंद रहती थी, जिससे अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे। 21 जनवरी की रात से इन्वर्टर के सहारे कैमरे चालू कर निगरानी शुरू की गई। इसी दौरान 25 जनवरी 2026 की सुबह करीब 4:56 बजे सीसीटीवी फुटेज में हॉस्पिटल रोड, चित्रगुप्त मंदिर के समीप निवासी सुनील प्रसाद का 21 वर्षीय पुत्र अमन कुमार—जो कि पीड़ित का पूर्व कर्मचारी है—शटर खोलकर दुकान में प्रवेश करता हुआ दिखाई दिया। करीब 5 बजे वह गल्ले के पास पहुंचा, लेकिन कैमरा चालू देख घबराकर तुरंत बाहर निकल गया।



आलोक मिश्र मास्टरमाइंड, चोरी की रकम से खरीदी स्कॉर्पियो और बुलेट

पुलिस गिरफ्त में आए अमन कुमार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि सिविल लाइंस निवासी आलोक मिश्र इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड है। आलोक के इशारे पर ही उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अमन ने बताया कि चोरी की रकम से स्कॉर्पियो वाहन और बुलेट बाइक खरीदी गई, जबकि उसी पैसे से आलोक मिश्र के घर का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान आलोक मिश्र के घर से करीब दो लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही चोरी के पैसों से खरीदी गई स्कॉर्पियो वाहन बरामद कर ली गई है और अन्य बरामदगी भी की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है तथा अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu