Ad Code

नाबालिग से दुष्कर्म का फरार आरोपी बक्सर से गिरफ्तार, राजकोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई


बक्सर । गुजरात के राजकोट जिले के शॉपर वेरावल थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद फरार चल रहा आरोपी आखिरकार बक्सर से गिरफ्तार कर लिया गया। लंबे समय से ठिकाने बदलकर कानून से बचने की कोशिश कर रहे आरोपी की तलाश में राजकोट पुलिस बिहार पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।




राजकोट पुलिस के अधिकारी पी.एन. भरवाड़ और महेंद्र सिंह विशेष रूप से बक्सर पहुंचे। उन्होंने नगर थाना पुलिस से समन्वय स्थापित कर आरोपी की पहचान की पुष्टि की और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान आरोपी अपने घर में मौजूद मिला। पुलिस टीम को देखते ही उसने मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन चारों ओर से की गई घेराबंदी के कारण वह सफल नहीं हो सका और पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र राम, पिता सिद्धू राम, निवासी सिंडिकेट, बक्सर के रूप में की गई है।

इस पूरी कार्रवाई में नगर थाना बक्सर की अहम भूमिका रही। गंगा पुल प्रभारी रोहित कुमार सहित स्थानीय पुलिसकर्मियों की तत्परता, सतर्कता और बेहतर समन्वय से गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस ने पूरी कार्रवाई को सावधानीपूर्वक अंजाम दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद राजकोट पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए न्याय की प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu