Ad Code

दलसागर के समीप अज्ञात वाहनों की टक्कर से एनएच-922 पर मचा कोहराम,एक घण्टे के भीतर दो अलग अलग हादसों में एक की मौत,दो गम्भीर


बक्सर । बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-922 पर दलसागर गांव के समीप रविवार को एक घंटे के अंतराल पर हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इन हादसों में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना रविवार शाम करीब 3 बजे की है। औद्योगिक थाना क्षेत्र के निरंजनपुर निवासी स्वर्गीय मुक्तेश्वर पाठक के 42 वर्षीय पुत्र सुशील पाठक उर्फ पिंकू अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे दलसागर टोल प्लाजा से पहले दलसागर गांव के एनएच क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुशील पाठक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इसी स्थान पर दूसरी घटना लगभग एक घंटे बाद शाम करीब 4 बजे घटी। दलसागर गांव के पास एनएच क्रॉसिंग पर ही एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।


इस संबंध में औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि दलसागर गांव के समीप एनएच-922 की क्रॉसिंग अत्यंत खतरनाक हो चुकी है, जहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। रविवार को भी इसी स्थान पर दो अलग-अलग हादसों में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अज्ञात वाहनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि दलसागर क्रॉसिंग पर न तो पर्याप्त ट्रैफिक संकेतक लगे हैं और न ही गति नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था है, जिसके कारण तेज रफ्तार वाहन हादसों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक क्रॉसिंग पर शीघ्र स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक साइन और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu