बक्सर । चौगाईं प्रखंड के लिए यह गर्व और गौरव का ऐतिहासिक क्षण है। चौगाईं के भाजपा नेता सह कृषक रोहित प्रताप शाही के पुत्र एवं जिला परिषद सदस्य अरविंद प्रताप शाही उर्फ बंटी शाही के भतीजे विशाल शाही ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता से न केवल परिवार, बल्कि पूरा चौगाईं प्रखंड गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
लेफ्टिनेंट विशाल शाही का पारिवारिक परिवेश सादगी, अनुशासन और संस्कारों से परिपूर्ण रहा है। उनके पिता रोहित प्रताप शाही किसान हैं, जबकि माता सुप्रिया शाही गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा और संस्कारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने है।
विशाल शाही की प्रारंभिक शिक्षा के बाद दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई पटना से हुई। इसके पश्चात उन्होंने पुणे से बीटेक की डिग्री प्राप्त की और कड़ी मेहनत व लगन के साथ आगे की तैयारी में जुट गए। इस वर्ष उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए टॉप–10 में स्थान प्राप्त किया। इससे पूर्व वे भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यूपीएससी के माध्यम से उनका चयन थल सेना, जल सेना और वायु सेना तीनों में हुआ था, लेकिन उन्होंने देशसेवा के लिए भारतीय सेना को चुना। उनका यह निर्णय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
भव्य स्वागत, जश्न का माहौल
रविवार की देर रात्रि पंजाब मेल से उनके आगमन पर चौगाईं और आसपास के क्षेत्रों में उत्सव का माहौल देखने को मिला। स्टेशन से गांव तक ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और देशभक्ति नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर पवन कुमार सिंह, मुखिया सिंह कुशवाहा, संतोष कुमार शर्मा, भारतीय सेना के जवान अनुज उर्फ गुड्डू कुमार, विजय सिंह, कमल सिंह, दीनू सिंह, टेल्हा सिंह, बबलू सिंह, बुल्ली सिंह, विक्की सिंह, शक्ति सिंह समेत सैकड़ों गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि विशाल शाही की सफलता से क्षेत्र के युवाओं में देशसेवा, अनुशासन और कठिन परिश्रम की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी। वहीं लेफ्टिनेंट विशाल शाही ने अपने संबोधन में माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी अकेली नहीं, बल्कि पूरे चौगाईं की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments