बक्सर । मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत शुक्रवार को बक्सर जिला समाहरणालय परिसर के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 10 लाख महिला लाभुकों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹1,000 करोड़ की राशि के अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। यह योजना 26 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री के कर-कमलों से तथा मुख्यमंत्री की उपस्थिति में शुरू की गई थी।
योजना का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार प्रारंभ करने हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। सभी समुदायों और वर्गों की महिलाएँ इस योजना का लाभ ले सकती हैं। प्रारंभिक सहायता के रूप में ₹10,000 दिए जा रहे हैं, जबकि आगे जरूरत पड़ने पर आकलन के आधार पर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता का प्रावधान रखा गया है। साथ ही पसंद के रोजगार के लिए प्रशिक्षण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
यह योजना सामुदायिक सहकारिता आधारित है, जिसके तहत लाभुक महिलाओं को स्थानीय स्वयं सहायता समूह (SHG) से जोड़ा जा रहा है। रोजगार चयन, प्रशिक्षण, उत्पादन से लेकर बिक्री तक में SHG की सक्रिय भूमिका तय की गई है। महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए हाट-बाजार भी गांव से शहरों तक विकसित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में बताया गया कि बक्सर जिले में कुल 14,057 जीविका दीदियों के बीच ₹10,000 प्रति लाभुक के हिसाब से ₹14,05,70,000 की राशि का अंतरण किया गया है। अब तक जिले की 1,92,963 महिलाएँ इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं।
महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, ऐसा अधिकारियों ने आशा व्यक्त की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments