बक्सर । रेल यात्री कल्याण समिति की ओर से सोमवार की सुबह रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया गया। सुबह 9:45 बजे से 10:08 बजे तक चले इस आंदोलन के कारण रेल यातायात बाधित रहा। इस दौरान 3209 पैसेंजर गाड़ी और एक मालगाड़ी को रोक दिया गया। अचानक हुए घटनाक्रम से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
रेल प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाए हैं। आरपीएफ ने संयोजक नागेंद्र मोहन सिंह, समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर पाठक, संदीप कुमार राय, सोनू दुबे, मदन गोपाल जायसवाल, संजय कुमार ओझा, सीताराम ठाकुर, दीप नारायण राम और शहजाद को नामजद अभियुक्त बनाया है। इसके अतिरिक्त 20 से 30 अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है।
आरपीएफ प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश चौधरी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने रेलवे नियमों का उल्लंघन किया, जिससे न केवल यात्री ट्रेन बल्कि मालगाड़ी संचालन भी प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि मामले में रेलवे अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस घटना से रेल संचालन प्रभावित होने के साथ-साथ आम यात्रियों को भी खासी कठिनाई का सामना करना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने दोहराया कि ऐसे आंदोलन कानूनन अपराध की श्रेणी में आते हैं और भविष्य में इस तरह की हरकतों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...





















0 Comments