बक्सर। औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली गाँव में सोमवार की अहले सुबह सेना भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक की दौड़ के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सरस्वती विद्या मंदिर मैदान में दौड़ने के बाद जब युवक दलसागर खेल मैदान में अभ्यास कर रहा था, तभी वह अचानक गिर पड़ा। मृतक की पहचान अहिरौली निवासी ऋषिकेश चौबे के पुत्र 24 वर्षीय चुनु चौबे के रूप में हुई है।
स्थानीय निवासी अभय उर्फ बमबम चौबे ने बताया कि घटना के वक्त चुनु अपने छोटे भाई और मित्रों के साथ दौड़ रहा था। तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह गिर पड़ा। आनन-फानन में साथियों ने उसे अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि मौत हार्ट अटैक से हुई है।
मृतक चुनु चौबे तीन भाइयों में माझिल थे। उनका बड़ा भाई सीआईएसएफ में कार्यरत है, जबकि चुनु अपने छोटे भाई के साथ प्रतिदिन सेना भर्ती की तैयारी के लिए मैदान में अभ्यास किया करता था। हाल ही में उसने बिहार पुलिस की लिखित परीक्षा भी पास की थी।
चुनु को ग्रामीण बेहद हँसमुख और मिलनसार स्वभाव का बताते हैं। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। एक होनहार और उज्ज्वल भविष्य वाले युवक की असमय मौत से गाँव में गहरा सन्नाटा छा गया है। परिवार की खुशियाँ मातम में बदल गई हैं और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...




















0 Comments