बक्सर / डुमरांव । भाकपा (माले) महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य मंगलवार को अपनी एकदिवसीय यात्रा पर बक्सर जिले के डुमरांव पहुंचे, जहां जगह-जगह उनका कार्यकर्ताओं और जनता ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर भवन में आयोजित समारोह में भाकपा (माले) विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह के पांच वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड लोकार्पित किया।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे, राजद जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह यादव, सीपीआई के जिला सचिव जीतेन्द्र सिंह, वीआईपी जिला अध्यक्ष प्रभुनाथ चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष शम्भू चौधरी समेत इण्डिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेताओं ने भाग लिया। सभा में "बदलो सरकार, बदलो बिहार" और "वोट चोर, गद्दी छोड़" के नारे गूंजते रहे।
कॉमरेड दीपंकर भट्टाचार्य ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच अपने कामकाज का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने डुमरांव में महान शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की स्मृति में कला महाविद्यालय की स्थापना को गंगा-जमुनी तहजीब की रक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताया। साथ ही उन्होंने सरकार की गरीब-विरोधी, किसान-विरोधी और रोजगार-विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार आम जनता को मूलभूत अधिकारों से वंचित कर रही है। दिल्ली की झुग्गियों में बसे बिहारियों को उजाड़ने और मतदाता सूची से गरीब-दलित-अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम कटवाने का आरोप भी उन्होंने भाजपा पर लगाया। उन्होंने कहा कि इण्डिया गठबंधन ने एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी और तीन बार चुनाव आयोग को पीछे हटने पर मजबूर किया।
सभा में 1942 के आंदोलन के शहीदों और शहीद-ए-आजम भगत सिंह को याद करते हुए उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र और बराबरी की लड़ाई को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही नीतीश कुमार सरकार पर वादाखिलाफी और गरीबों की उपेक्षा का आरोप लगाया।
इस मौके पर इण्डिया गठबंधन के हरेंद्र राम, ललन प्रसाद, बीरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह, लालधारी राम, रेखा देवी, पूजा कुमारी, जगनारायण सिंह, नीरज कुमार, बीरन यादव, प्रभात कुमार, कन्हैया पासवान, नरेंद्र सिंह, मुन्ना खान, मनोज ठाकुर, पियूष यादव, पुष्पा देवी सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments