बक्सर । जिले में इंस्पायर-मानक अभियान लगातार नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को +2 एम.पी. हाई स्कूल में इंस्पायर-मानक टीम बक्सर के अंकुर श्रीवास्तव और संदीप आर्या के नेतृत्व में एक विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक में डुमराँव अनुमंडल के सैकड़ों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और विज्ञान नोडल शिक्षक शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य इंस्पायर-मानक पोर्टल पर आइडिया अपलोड की प्रक्रिया को गति देना और तकनीकी समस्याओं का समाधान करना था। इस दौरान टीम ने मौके पर ही 30 विद्यालयों का पंजीकरण किया और 80 से अधिक विद्यालयों के लिए आईडी-पासवर्ड जनरेट किए। इससे नोडल शिक्षकों को बड़ी राहत मिली और वे आगे की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए उत्साहित दिखे।
जिले की प्रगति भी उत्साहजनक रही। अब तक लगभग 1500 आइडिया अपलोड किए जा चुके हैं और पिछले एक सप्ताह में इसमें उल्लेखनीय तेजी आई है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) के मार्गदर्शन और इंस्पायर-मानक टीम की सक्रियता से यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
कार्यक्रम में संदीप आर्या, अंकुर श्रीवास्तव, दुर्गमाने जी, अजीत (नवानगर), अश्विनी, सुगंधा, कंचन सिंह और महताब अली का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। टीम ने यह साबित किया कि सही नेतृत्व और सामूहिक प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी पूरे किए जा सकते हैं।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के कुशल मार्गदर्शन और सतत मॉनिटरिंग को इस अभियान की सफलता का मुख्य आधार माना जा रहा है। उन्होंने टीम को केवल लक्ष्य पूरा करने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे जिले की शिक्षा गुणवत्ता और विद्यार्थियों में नवाचार की भावना जगाने के रूप में बदल दिया।
इंस्पायर-मानक अभियान की इस रफ़्तार को देखकर उम्मीद जताई जा रही है कि बक्सर जल्द ही राज्य स्तर पर बेहतर रैंक हासिल करेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments