बक्सर । श्री रामलीला समिति, बक्सर द्वारा ऐतिहासिक किला मैदान के विशाल मंच पर आयोजित 22 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव-2025 का शुभारंभ आगामी 14 सितम्बर (जितिया पर्व) से होगा। दिन में श्रीकृष्ण लीला और रात में श्रीराम लीला का दिव्य मंचन होगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन बसांव पीठ के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 स्वामी अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज एवं श्री राम जानकी मंदिर, सीताराम विवाह स्थल के महंत श्री श्री 1008 राजाराम शरण दास जी महाराज के करकमलों एवं आशीर्वचन से संयुक्त रूप से किया जाएगा।
समिति के सचिव बैकुण्ठ नाथ शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विजयादशमी महोत्सव धूमधाम से आयोजित होगा। महोत्सव में वृंदावन की प्रसिद्ध लीला संस्थान श्री राधा माधव रासलीला एवं रामलीला मंडल के स्वामी सुरेश उपाध्याय ‘व्यास जी’ के निर्देशन में दिव्य मंचन होगा।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन अवसर पर बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री एवं बक्सर जिला प्रभारी मंत्री माननीय नितिन मुकेश जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा जी विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
समिति ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन करेगा, बल्कि बक्सर की ऐतिहासिक विरासत को भी सम्मान देगा। साथ ही, श्री शर्मा ने जिलेवासियों से सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम क्रम:
14 सितम्बर: संध्या 7 बजे गणेश पूजन एवं शिव-पार्वती विवाह लीला।
15 सितम्बर: दिन में श्रीकृष्ण जन्म लीला, रात्रि में नारद मोह लीला।
16 सितम्बर: नंद महोत्सव, पूतना वध; रात्रि में रावण अत्याचार लीला।
21 सितम्बर: सीता स्वयंवर और धनुष यज्ञ लीला।
24 सितम्बर: राम वनवास और केवट प्रसंग।
25 सितम्बर: चित्रकूट में भरत मिलन।
26 सितम्बर: सूर्पनखा नासिका भंग।
27 सितम्बर: सीताहरण।
28 सितम्बर: सुग्रीव मित्रता व वाली वध।
29 सितम्बर: लंका दहन।
30 सितम्बर: विभीषण शरणागति व सेतुबंध।
01 अक्टूबर: लक्ष्मण शक्ति व कुंभकर्ण वध।
02 अक्टूबर: दोपहर 2 बजे रावण वध, आतिशबाजी एवं पुतला दहन।
03 अक्टूबर: राजा हरिश्चन्द्र नाटक।
04 अक्टूबर: जमुना चौक पर भरत मिलाप।
05 अक्टूबर: श्री चन्द्र मंदिर में श्रीराम राज्याभिषेक।
इस संबंध में संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी हरिशंकर गुप्ता ने कहा कि यह 22 दिवसीय महोत्सव श्रद्धा, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम होगा, जो नगरवासियों को भक्ति और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments