बक्सर । मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा पशु मेले के पास शुक्रवार की शाम एक अज्ञात युवक का शव पोखरे से बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव पानी में उतराया हुआ था, जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोग मवेशियों के लिए घास काटने पोखरे किनारे पहुंचे थे। तभी उनकी नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और सनसनी फैल गई। पुलिस ने पहुंचकर शव को बाहर निकाला।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच है। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को पोखरे में फेंका गया होगा। मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसने चेकदार शर्ट व काला पैंट पहन रखा था।
स्थानीय लोग मृतक की पहचान नहीं कर सके। फिलहाल पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना भेजकर पहचान कराने की कवायद शुरू कर दी है। इस बीच घटनास्थल पर तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हैं—कुछ लोग इसे आपसी रंजिश का नतीजा मान रहे हैं तो कुछ का कहना है कि युवक बाहर से लाकर यहां हत्या के बाद फेंका गया।
थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments