Ad Code

गोल्डमेडलिस्ट सपना कुमारी का रेलवे स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत, ‘प्रयास: एक कोशिश बदलाव के’ फाउंडेशन ने किया सम्मानित



बिहार । अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीतकर गृह जिला भोजपुर लौटीं सपना कुमारी का आरा रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य स्वागत किया गया। इस स्वागत समारोह का आयोजन ‘प्रयास: एक कोशिश बदलाव के’ फाउंडेशन के बैनर तले किया गया।

जैसे ही सपना कुमारी ट्रेन से स्टेशन पर पहुंचीं, वहां फूलमाला और बुके देकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद नवादा थाना से एक जुलूस निकाला गया जो आरा क्लब, आरा ब्लॉक, खेल भवन, पकड़ी चौक, जज कोठी होते हुए वीर कुंवर सिंह स्टेडियम पहुंचा। वहां आयोजित सम्मान समारोह में सपना को गोल्डमेडलिस्ट के रूप में जोरदार सम्मान दिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आरा नगर निगम की मेयर इंदु देवी रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सपना कुमारी ने आरा ही नहीं, बल्कि बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने माता-पिता और ससुराल पक्ष की सराहना करते हुए सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के सपनों को उड़ान दें।



इस अवसर पर ‘प्रयास’ फाउंडेशन के डायरेक्टर कुमार प्रतीक, कुमार मंगलम, सदस्य भुवन पांडे, उत्सव राठौर, अभिमन्यु कुमार, मृत्युंजय कुमार त्यागी उपस्थित थे। साथ ही आर्चरी अकादमी के निदेशक नीरज कुमार सिंह, क्रिकेट अकादमी ऑफ भोजपुर के कोच विजय कुंदन, राज सिंह, फिजिकल अकादमी के पंकज कुमार और तेजस फिजिकल अकादमी के चौधरी सर सहित कई खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में सपना कुमारी के माता-पिता और कोच को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह आयोजन युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम साबित हुआ।





................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu