बक्सर । बक्सर के नगर भवन में पूर्व सांसद स्वर्गीय लालमुनि चौबे की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन एक भावपूर्ण और गरिमामय अवसर के रूप में संपन्न हुआ। इस सभा में देश के दो प्रमुख संवैधानिक पदाधिकारियों, बिहार के राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हिस्सा लिया, जिससे इस आयोजन की महत्ता और भी बढ़ गई।
हमारी सभ्यता, संस्कृति और संस्कार के मुताबिक लालमुनि चौबे सात्विक राजनीतिज्ञ रहे हैं। उनकी सात्विकता ही उनकी पहचान थी। व्यक्ति का विचार और सरल जीवन ही लोगों के बीच ख्याति दिलाता है। उनकी पहचान उनका संत होना है। उक्त बातें बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने नगर भवन में आयोजित लालमुनि चौबे की पुण्यतिथि कार्यक्रम में कहीं। इस दौरान सभा में उपस्थित लोगों को उन्होंने संस्कृत के श्लोक के माध्यम समझाया कि स्व. चौबे की पहचान क्या है और उन्हें लोग किस रूप में याद करते हैं।
उन्होंने कहा कि वे सात्विक होने के साथ ही उच्च विचार और ओजस्वी व्यक्तित्व के धनी थे। राज्यपाल ने बताया कि उनकी मित्रता तब हुई थी, जब दोनों सांसद रहे। उन्होंने कहा कि वे देनों एक साथ चाय पीने जाते, तो लंबी बातचीत हुआ करती। व्यक्तिगत दक्षिणपंथी होते हुए भी अपने निजी जीवन में वामपंथी विचार धारा वालों से उनकी बहुत अधिक मित्रता थी। वे सभी दलों के लोगों के साथ रहते थे। उन्हें सुनते और समझते थे। उनके लिए सभी अपने थे। उन्होंने कहा कि वे आज भी परमात्मा के रूप में विद्यमान हैं। उनके विचार अभी अमर हैं। जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि भारतीय राजनीति के सबसे बड़े शुचिता का उदाहरण लालमुनि चौबे रहे हैं। वे विचारों से योगी, कर्म से दृढ़ शंकर के समान थे। वह राजनीति के योगीराज थे।
राजनीति के वह बड़े सिद्धांत नहीं गढ़े, बल्कि जनता को अराध्य मानने का सीधा साधा रास्ता अपनाया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि चौबे जी के जीवन से हम लोगों को सीखने की जरूरत है। उन्होंने राजनीति का वो सफर तय किया, जिसकी मिसाल आज हर राजनीतिक कार्यकर्ता और नेता के जुबां पर रहती है। राजनीति में उनकी दिनचर्या, कार्यशैली देश और राष्ट्र के प्रति बहुत ही सराहनीय रही कार्यक्रम की अध्यक्षता सूर्यदेव दुबे ने किया। स्वागत भाषण शिशिर चौबे ने किया। कार्यक्रम में विधायक संतोष कुमार निराला, अशोक सिंह, विन्ध्याचल पाठक, मिथिलेश तिवारी, ब्रजकिशोर बिंद, ललन पासवान, रामकुमार सिंह, ओमप्रकाश भुवन, विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह, दिलमणि देवी, चौधरी रामविनोद राय, शेषनाथ पाठक, संत कुमार सिंह, पूनम रविदास, पुनीत सिंह, सुनील राम, धर्मेंद्र पांडेय आदि मौजूद थे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
0 Comments