बक्सर । जिले में वर्ष 2023 में हुए हत्या कांड के फरार 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार आपसी जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में प्रदीप कुमार सिंह एवं उनके बड़े भाई रामबचन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान रामबचन यादव की मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में तिलक राय के हाता थाना कांड संख्या 187/23, दिनांक 07.06.2023 दर्ज किया गया था। मामले में रामअवतार यादव, रामजी यादव, धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव, ओमप्रकाश यादव सहित अन्य की संलिप्तता पाई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमराँव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पूर्व में इस कांड के दो अभियुक्त रामजी यादव एवं रामअवतार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में 27 फरवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए फरार एवं 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव (पिता- रामअवतार यादव, निवासी- तवकल राय के डेरा, थाना- तिलक राय के हाता, जिला- बक्सर) को छत्तीसगढ़ से विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध तिलक राय के हाता थाना कांड संख्या 187/23 में धारा 341, 323, 307, 337, 338, 302 (परिवर्तित) एवं 34 भादवि के तहत मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में डीआईयू बक्सर प्रभारी सुधीर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मंगलेश कुमार मधुकर, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक राजू कुमार (तिलक राय के हाता थाना) सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments