बक्सर । शहर के रामरेखा घाट पर रविवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। मछली पकड़ने गए चार युवक गंगा नदी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर टाउन थाना बक्सर की पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवकों को पानी से बाहर निकाला।
सभी चारों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया, जबकि एक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइन स्थित पंजाबी मोहल्ले के नरेश भर के पुत्र संजू (40 वर्ष), मल्लाहटोली निवासी राजाराम चौधरी के पुत्र महावीर (20 वर्ष), गोपाल चौधरी के पुत्र आकाश कुमार (18 वर्ष) और सूरज कुमार (17 वर्ष) मछली पकड़ने रामरेखा घाट गए थे। मछली पकड़ने के दौरान तीन युवक घाट की सीढ़ियों के नीचे फंस गए और गहरे पानी में डूबने लगे। बताया जा रहा है कि सूरज उन्हें बचाने के प्रयास में खुद भी पानी में डूब गया और अधिक पानी निगल लिया।
स्थानीय लोगों ने घटना देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गोताखोरों की मदद से सभी को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने संजू और महावीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर किया गया।
घटना के बाद मल्लाहटोली और पंजाबी मोहल्ले में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments