बक्सर । रेलवे सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को Railway Protection Force (RPF) और Government Railway Police (GRP) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के सोने के आभूषणों के साथ पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह एवं जीआरपी प्रभारी विकास कुमार के नेतृत्व में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान बक्सर स्टेशन से पहले दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने शहर के ठठेरी बाजार स्थित पीपी रोड पर विकास ज्वेलर्स एवं सर्वेश कुमार वर्मा की दुकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चोरी के सोने की एक चेन एवं दो लॉकेट बरामद किए गए। इसके बाद रिसीवर के रूप में शामिल दो लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में चंदन कुमार (30 वर्ष), पिता- विश्वनाथ वर्मा, निवासी- गगोरा, थाना- इंडस्ट्रियल; कन्हैया राम (22 वर्ष), पिता- विजय नारायण राय, निवासी- सिंडिकेट बुधनपुरवा, थाना- नगर; सर्वेश कुमार वर्मा (26 वर्ष), पिता- राजेंद्र प्रसाद, निवासी- पुराना चौक, थाना- नगर; तथा विकास कुमार (26 वर्ष), निवासी- ठठेरी बाजार, थाना- नगर, सभी जिला बक्सर के निवासी शामिल हैं।
इसी कड़ी में आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत शाम 4:55 बजे बक्सर स्टेशन से एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनु यादव (28 वर्ष), पिता- स्व. हरि सिंह यादव, निवासी- मुसाफिरगंज, वार्ड संख्या 12, थाना- नगर, जिला- बक्सर के रूप में हुई है। उसके पास से एक सोने का लॉकेट, 2150 रुपये नकद एवं एक ब्लेड बरामद किया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन सिंह ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस सफलता में आरपीएफ उपनिरीक्षक बिजेंद्र मुवाल सहित अन्य रेल पुलिस अधिकारियों व जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments