Ad Code


बिजली विभाग की लापरवाही मनमानी पर भड़के जिलाधिकारी,विधुत आपूर्ति व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं होने पर दोषी कर्मचारियों पर कार्यवाई का दी चेतावनी- electricity department

       

                    

(बक्सर ऑनलाइन न्यूज़):-  गुरुवार को डीएम अमन समीर की अध्यक्षता में जिले में विद्युत आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति से असंतोष व्यक्त करते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्युत उपलब्धता एवं आपूर्ति में बेहतरीन सुधार के कारण बिहार की छवि राज्य के बाहर बेहतर हुई है। परन्तु बक्सर जिला में इधर लगातार विद्युत कटौती की शिकायते मिल रही है। जिससे अच्छी छवि को नुकसान पहुँच रहा हैं।

इस दौरान जिला पदाधिकारी अमन समीर ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्थिति पर लगातार कड़ी नजर बनाए हुए हैं खराब स्थिति के लिए दोषी सहायक एवं कनीय अभियंताओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। कार्यपालक अभियंता विद्युत (आपूर्ति) ने जिले में चल रहे सम्पूर्ण कार्यों का ब्योरा बैठक में पॉवर प्वायंट प्रेजेंटेशन के जरिए प्रदर्शित किया। बक्सर जिला में कुल 5023 ट्रांसफर्मर लगे होने की जानकारी दी गई। इनमें से विभिन्न कारणों से प्रतिमाह औसत 5 से 10 ट्रांसफर्मर के खराब होते रहने की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने खराब ट्रांसफर्मर को बदलने हेतु अधिकतम 24 घंटे का समय निर्धारित करते हुए निर्देश दिया कि इससे पहले ही ट्रांसफर्मर बदल कर विभाग की छवि को बेहतर बनाने का कार्य करें। चरित्रवन एवं नावानगर इलाके में विद्युत मरम्मति कार्य किए जाने के कारण विद्युत आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न होने की जानकारी दी गई। मरम्मति कार्य को 15 दिनों के अंदर पूर्ण करने का निर्देश जिला पदाधिकारी ने दिया। शहरी क्षेत्रों में वोल्टेज के उतार-चढाव एवं कम वोल्टेज की शिकायत को जल्द ही दूर कर देने का आश्वासन कार्यपालक अभियंता के द्वारा दिया गया।

वही विद्युत में कटौती अथवा मरम्मति की सूचना विद्युत उपभोक्ता को उसके मोबाइल पर देने की बात बताई गई। अगर अभी भी कोई उपभोक्ता अपना मोबाइल नम्बर विद्युत बिल से नहीं जुडवा पाएँ हैं तो वे अविलम्ब अपना मोबाइल नम्बर जुड़वा लें ताकि समय-समय पर उन्हें आवश्यक सूचना मिलती रहे। इस आशय का अनुरोध किया गया। मोबाइल नम्बर सुविधा ऐप्प के जरिए भी जुड़वाया जा सकता है। सुविधा ऐप्प पर अन्य आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध रहती है। ट्रांसफर्मर खराब होने की शिकायत 7033095837, 0618-3225029 अथवा टॉल फ्री नम्बर 1912 पर की जा सकती है। जिला पदाधिकारी ने अनाधिकृत रूप से बिजली के उपभोग करने वालो पर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। कनीय अभियंता को इसकी जाँच करने की जबाबदेही देने को कहा गया। सभी सहायक एवं कनीय अभियंता के कार्यों की समीक्षा अगली बैठक से की जाएगी। उनका क्षेत्र भ्रमण अनिवार्य कर दिया गया है। कनीय अभियंता को विद्युत आपूर्ति में उतार-चढाव आदि की भी जानकारी अपने-अपने क्षेत्रों की रखनी होगी। अंत में जिला पदाधिकारी महोदय ने उपस्थित विद्युत विभाग के सभी अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे लोगों के बीच विश्वास का माहौल बनावें। लोगों की मोबाइल पर शिकायतों को धैयपूर्वक सुन उसके निदान हेतु तत्पर रहें। इससे विद्युत विभाग एवं सरकार व प्रशासन की छवि अच्छी होगी। बैठक में उप विकास आयुक्त योगेश कुमार सागर, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी बक्सर, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंतागण, सहायक/कनीय अभियंतागण उपस्थित थे।


................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com

ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक.... 





 

Post a Comment

0 Comments

Close Menu