कुदाल और लोहे की गंडासी से किया था हमला, सिर कुचलने के बाद काट दिया था एक पैर; पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और खून से सने कपड़े किए बरामद
बक्सर । वासुदेवा थाना क्षेत्र के कोईरी टोला निवासी राजेश कुमार उर्फ सुखाड़ी सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, अवैध संबंध के विवाद में पड़ोसी मुन्ना सिंह ने अपने बेटे छठू कुमार सिंह के साथ मिलकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया था। दीपावली की रात कुदाल और लोहे की गंडासी से हमला कर राजेश की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। वारदात के दौरान आरोपितों ने उसका सिर बुरी तरह कुचलने के बाद एक पैर भी काट दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुदाल, लोहे की गंडासी और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
शनिवार को डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने प्रेस वार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बक्सर एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर अनुसंधान करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
अवैध संबंध के विवाद में रची हत्या की साजिश
एसडीपीओ के अनुसार, राजेश का मुन्ना सिंह के घर की एक युवती से कथित अवैध संबंध था। इसको लेकर मुन्ना सिंह ने उसे कई बार चेतावनी भी दी थी। बावजूद इसके राजेश के नहीं मानने से वह नाराज था। इसी विवाद में उसने अपने बेटे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और दीपावली की रात वारदात को अंजाम दे दिया।
सिर कुचलने के बाद काट दिया था पैर
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपितों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि कुदाल और लोहे की गंडासी से राजेश पर हमला किया गया था। हमले में उसका सिर बुरी तरह कुचल दिया गया और एक पैर भी काट दिया गया। घटनास्थल पर पैर नहीं मिलने के कारण पुलिस के सामने उसकी बरामदगी की चुनौती थी।
जंगली जानवर के घसीटने की जताई आशंका
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गंडासी से राजेश का पैर काटा था, लेकिन उसे घटनास्थल पर ही छोड़ दिया था। पुलिस को आशंका है कि बाद में कोई जंगली जानवर उसे घसीटकर झाड़ियों की ओर ले गया होगा। कटे हुए पैर की बरामदगी को लेकर भी जांच की गई।
एसआईटी में शामिल रहे कई पुलिस पदाधिकारी
हत्याकांड के उद्भेदन के लिए गठित एसआईटी में डुमरांव सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, डीआईयू बक्सर प्रभारी सुधीर कुमार, वासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान, नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार, कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, सिकरौल थानाध्यक्ष दिलीप कुमार, वासुदेवा के अपर थानाध्यक्ष विकास चंद्र तथा पुलिस पदाधिकारी प्रियांजली सिंह और रामचंद्र पासवान शामिल थे। इसके अलावा डीआईयू बक्सर और वासुदेवा थाना के सशस्त्र बलों ने भी अनुसंधान एवं गिरफ्तारी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया था सड़क जाम
दीपावली की रात हुई इस जघन्य वारदात के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया था। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घंटों सड़क जाम कर विरोध जताया था। अब पिता-पुत्र की गिरफ्तारी और हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के साथ पुलिस ने चर्चित हत्याकांड का उद्भेदन करने का दावा किया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

























0 Comments