Ad Code

बक्सर में 13 से 16 दिसंबर तक होगी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना


बक्सर । शहर के नया बाजार स्थित सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम में आगामी सीताराम विवाह महोत्सव के अवसर पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 13 से 16 दिसंबर तक चार दिवसीय श्रीराम कथा आयोजित होगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर आश्रम परिसर में महंत श्री राजाराम शरण दास जी महाराज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें आयोजन की रूपरेखा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने बताया कि हाल ही में वे कोलकाता में आयोजित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में शामिल हुए थे। वहां की विशाल व्यवस्था को देखकर उन्होंने बक्सर में इतने बड़े आयोजन की जिम्मेदारी संभालने को लेकर अपनी असमर्थता जताई थी। इस दौरान राजेंद्र दास जी महाराज ने उनका उत्साह बढ़ाया और चार दिवसीय कथा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बागेश्वर धाम महाराज ने भी उन्हें आश्वस्त किया कि आयोजन की सभी व्यवस्थाएं हो जाएंगी।

महंत जी ने स्पष्ट किया कि इस आयोजन को स्थानीय लोगों के सहयोग से ही सफल बनाया जाएगा। कथा के लिए हवाई अड्डा परिसर में विशाल पंडाल बनाया जाएगा, जहां लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके मद्देनजर भोजन, आवासन, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था करनी होगी। उन्होंने लोगों से आगे आकर जिम्मेदारियां संभालने और आपसी समन्वय से आयोजन को सफल बनाने की अपील की।



बैठक में भोजन, आवासन और श्रद्धालुओं की अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी वामन ग्लोबल फाउंडेशन एवं ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष राकेश राय उर्फ कल्लू राय तथा समाजसेवी बबली दुबे को सौंपी गई। दोनों ने महाराज जी का आशीर्वाद लेकर जिम्मेदारी स्वीकार की और सभी के सहयोग से व्यवस्थाएं पूरी करने का भरोसा दिलाया।

बैठक में पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक संतोष निराला, नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि नियामतुल्ला फरीदी, डॉ. रामनाथ ओझा, अशोक जी सर्राफ, राघवेंद्र राय, सोनू राय, प्रमोद पांडेय, अजय वर्मा, अमित पांडेय, सिकंदर सिंह, तूफानी सिंह, आनंद कुमार पांडेय उर्फ रिंकू पांडेय, झब्बू राय, राजीव कुमार राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu