Ad Code

बैरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन लोगों को लगी गोली; हालत गंभीर, वाराणसी रेफर


बक्सर । जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में मंगलवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में पाटीदारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। मंगलवार की शाम इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जाता है कि राजा तिवारी के पुत्र पवन तिवारी गाय को चारा खिलाने जा रहे थे। इसी दौरान जयप्रकाश तिवारी, मनीष तिवारी, चुन्नू तिवारी, श्रीमन नारायण तिवारी और श्याम नारायण तिवारी समेत करीब 10 लोगों पर गोलीबारी करने का आरोप है। इस दौरान पवन तिवारी की कमर में गोली लग गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे उनके चचेरे भाई बृजमोहन तिवारी (पिता जगदीश तिवारी) को भी गोली मार दी गई। गोली उनके पैर में लगी। वहीं, राजा तिवारी के दूसरे पुत्र बुल्लू तिवारी के पेट में भी गोली लग गई। तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।


घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और मुफस्सिल थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी रंजिश को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

एक साथ तीन लोगों को गोली लगने की घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu