- डॉ. दिलशाद आलम ने समय पर ब्लड शुगर जांच कराने और नियमित जीवनशैली अपनाने की दी सलाह, मधुमेह नियंत्रित रखने के लिए दवा और नियमित फॉलोअप पर दिया जोर
बक्सर । विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल, चीनी मिल, बक्सर की ओर से मधुमेह जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को ब्लड शुगर की समय पर जांच कराने, टाइप-2 मधुमेह से बचाव तथा बीमारी होने पर उसे नियंत्रित रखने के उपायों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक डॉ. दिलशाद आलम की ओर से जारी जागरूकता संदेश में बताया गया कि बार-बार पेशाब आना, अधिक प्यास लगना, थकान महसूस होना, धुंधला दिखाई देना और बिना प्रयास के वजन कम होना मधुमेह के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। टाइप-2 मधुमेह में कई बार लंबे समय तक कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। ऐसे में परिवार में मधुमेह का इतिहास होने, अधिक वजन, उच्च रक्तचाप या गर्भावस्था के दौरान शुगर बढ़ने की समस्या रही हो तो नियमित रूप से डॉक्टर की सलाह पर जांच करानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि ब्लड शुगर अधिक आने पर चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार फास्टिंग ब्लड शुगर और HbA1c जैसी जांच कराना जरूरी है।
संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम से कम होगा खतरा
जागरूकता संदेश में टाइप-2 मधुमेह से बचाव के लिए संतुलित भोजन अपनाने की सलाह दी गई। भोजन में हरी सब्जियां, दाल, चना और साबुत अनाज शामिल करने तथा मीठे पेय पदार्थ, पैकेट वाले जूस और मिठाइयों का सेवन सीमित रखने पर जोर दिया गया। फलों का जूस पीने के बजाय साबुत फल खाना अधिक बेहतर बताया गया।
इसके साथ ही नियमित शारीरिक गतिविधि को जरूरी बताते हुए अधिकांश वयस्कों के लिए सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाला व्यायाम करने की सलाह दी गई। प्रतिदिन 30 मिनट तेज चाल से टहलना भी लाभकारी बताया गया। वजन नियंत्रित रखने और बीड़ी, सिगरेट सहित सभी प्रकार के तंबाकू से दूर रहने की अपील की गई।
मधुमेह के मरीज दवा और जांच में न करें लापरवाही
डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि मधुमेह से पीड़ित लोगों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित दवा या इंसुलिन लेना चाहिए। अपनी मर्जी से दवा अथवा इंसुलिन की खुराक में बदलाव नहीं करना चाहिए। समय-समय पर HbA1c, रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल, आंखों और किडनी की जांच भी जरूरी है।
उन्होंने पैरों की नियमित जांच करने और किसी प्रकार का घाव, सूजन या रंग में बदलाव होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की बात कही। साथ ही घरेलू नुस्खों या हर्बल उत्पादों के भरोसे चिकित्सक की लिखी दवा बंद नहीं करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मधुमेह को जागरूकता, नियमित जांच, संतुलित खानपान और अनुशासित जीवनशैली के माध्यम से नियंत्रित रखा जा सकता है। गंभीर स्थिति में उल्टी, तेज या गहरी सांस, भ्रम अथवा बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

























0 Comments