बक्सर । शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगी करने के आरोप में गुजरात की दाहोद साइबर क्राइम पुलिस ने बक्सर के चरित्रवन स्थित पंच मंदिर इलाके से शैलेश कुमार मिश्रा, पिता- ललन मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के तार 12 राज्यों में दर्ज 26 से अधिक साइबर अपराधों की शिकायतों से जुड़े हैं।
आरोप है कि गिरोह फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए लोगों को निवेश के नाम पर फंसाता था और ओटीपी हासिल कर बैंक खातों से लेन-देन करता था। बक्सर के एक बैंक खाते में ठगी के चार लाख रुपये पहुंचने के बाद जांच में आरोपी का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, खाताधारकों को आरा के एक रिसॉर्ट में पांच दिनों तक रखकर उनके खातों से करीब 1.10 करोड़ रुपये का लेन-देन कराया गया था।
इस मामले में बक्सर पुलिस पहले ही संयुक्त खाताधारक मोहम्मद शमी अली, दीपू कुमार और धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर बताया कि शैलेश मिश्रा ने जमीन खरीद-बिक्री का कारोबार शुरू करने का झांसा देकर उनसे बैंक खाते लिए थे और लेन-देन पर दो प्रतिशत कमीशन देने का वादा किया था।
पुलिस के अनुसार, शैलेश के सहयोगी शिवेश सिंह और विश्वास कुमार सिंह भी मामले में संदिग्ध हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप ग्रुप के कथित एडमिन हार्दिक दोषी की भी तलाश की जा रही है। गुजरात पुलिस ने 15 अक्टूबर की रात शैलेश को गिरफ्तार किया और 16 अक्टूबर को अदालत में पेश कर गुजरात ले जाने के लिए 96 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मांगी। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम की जांच जारी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments