बक्सर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खंड सिमरी के तत्वावधान में विजयादशमी के पावन अवसर पर सहियार गांव स्थित मां दुर्गा स्थान परिसर में विजयादशमी उत्सव सह शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संघ के स्थापना के 101वें वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेवकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भगवती के समक्ष विधि-विधान से शस्त्र पूजन और ध्वजारोहण के साथ हुआ। भोजपुर विभाग के विभाग कार्यवाह विमल कुमार सिंह एवं खंड कार्यवाह बृजराज पाठक ने शस्त्र पूजन किया। मुख्य वक्ता विमल कुमार सिंह ने संघ की 101 वर्षों की यात्रा तथा विजयादशमी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यात्रा राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता, अनुशासन, संगठन और चरित्र निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा है। संघ व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज को संगठित करने और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध जगाने का कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष अतीत की उपलब्धियों को याद करने के साथ भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर भी है।
विमल कुमार सिंह ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म, अन्याय पर न्याय और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। शस्त्र पूजन शक्ति के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ उसके सदुपयोग, आत्मरक्षा और समाज व राष्ट्र के प्रति दायित्वों का स्मरण कराता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से सेवा, संस्कार, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभाग धर्म जागरण संयोजक श्रीमन नारायण राय, जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख अविनाश कुमार वर्मा, अभिनव मिश्रा, त्रियोगी उपाध्याय, ललन सिंह, बबन जी, आर्यन, निलेश, हरिशंकर पाठक, ओम राज, अविनाश मिश्रा, अभिमन्यु, रतन दुबे, बुद्धिराम, आदित्य, प्रवीर देव सहित अनेक स्वयंसेवक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments