जिलाधिकारी साहिला, एसपी शुभम आर्य और सदर विधायक आनंद मिश्रा ने कलाकारों की प्रतिभा को सराहा, भोजपुरी चित्रकला को मधुबनी पेंटिंग की तर्ज पर पहचान दिलाने की पहल
बक्सर । छठ महापर्व के अवसर पर शहर के रामरेखा घाट को मॉडल छठ घाट के रूप में विकसित किया गया है। यहां लाइट एंड साउंड परिसर में भोजपुरी चित्रकला की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है। भास्कर महोत्सव के तहत आयोजित तीन दिवसीय भोजपुरी चित्रकला कार्यशाला में 6 से 40 वर्ष तक के कलाकारों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलाकारों ने मिट्टी सहित प्राकृतिक और देशज रंगों का उपयोग कर छठ पूजा की थीम पर आकर्षक पेंटिंग तैयार कीं, जिन्हें प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, एडीएम अरुण कुमार, डीडीसी निहारिका छवि सहित जिले के कई वरीय अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने कलाकारों की कलाकृतियों को बारीकी से देखा और उनकी खूब सराहना की। सदर विधायक आनंद मिश्रा ने भी भोजपुरी कला की इस अनूठी पहल की प्रशंसा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि भोजपुरी चित्रकला में स्थानीय संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन को अभिव्यक्त करने की अपार संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन का प्रयास होगा कि इस कला को मधुबनी पेंटिंग की तर्ज पर व्यापक पहचान और प्रोत्साहन मिले।
प्रदर्शनी में सबसे खास आकर्षण 10 वर्षीय श्रेया कुमारी की पेंटिंग रही। कोरान सराय गांव की रहने वाली श्रेया सरकारी विद्यालय की छात्रा हैं। उनके पिता सचिन कुमार पासवान बक्सर में चाइल्ड हेल्पलाइन में कार्यरत हैं। महोत्सव की सबसे कम उम्र की प्रतिभागी होने के बावजूद श्रेया ने अपनी कलाकृति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी पेंटिंग को पूरे महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ स्थान मिला।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी प्रतिमा कुमारी ने श्रेया की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। महोत्सव के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने स्थानीय लोककला को मंच देने के साथ ही नई पीढ़ी में भोजपुरी संस्कृति और चित्रकला के प्रति रुचि बढ़ाने का संदेश दिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

























0 Comments