- घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी और पर्याप्त रोशनी की होगी व्यवस्था, व्रतियों की सुविधा के लिए बोट क्लिनिक और चिकित्सकों की होगी तैनाती
बक्सर । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने गंगा नदी में नाव के माध्यम से बक्सर नगर क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न घाटों पर पूजा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सभी छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों पर बैरिकेडिंग, अधिक गहराई वाले स्थानों पर लाल झंडे लगाने तथा पर्याप्त रोशनी और माइकिंग की व्यवस्था करने को कहा। पानी के अंदर भी पर्याप्त रोशनी रहे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा घाटों पर चेंजिंग रूम, अस्थायी शौचालय एवं यूरिनल की व्यवस्था, जरूरत के अनुसार रास्तों की मरम्मत, ड्रॉप गेट और अधिक भीड़ वाले घाटों पर वाच टावर बनाने का निर्देश दिया गया। नगर क्षेत्र के छठ घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगे हाई मास्ट लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने को भी कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने तथा अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया गया।
वहीं, सिविल सर्जन को छठ घाटों पर चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति और बोट क्लिनिक की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को पर्व के दौरान सुचारु यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments